-->

Sep 25, 2008

दुर्घटना में करणी सेना नेत्री की मौत

Bhupendra Singh, Udaipur Kiran

जयपुर। शाहपुरा स्थित भाबरू में राजपूत करणी सेना के दिल्ली जा रहे पदाधिकारियों की कार साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में डिवाइडर से टकरा पलट गई। दुर्घटना में कार सवार राजपूत करणी सेना (महिला मोर्चा) की प्रदेश अध्यक्ष प्रेम कंवर शेखावत की मौत हो गई और प्रदेश अध्यक्ष अजीत सिंह मामडोली, संगठन प्रभारी विक्रम सिंह व भंवर सिंह घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक बुधवार अपराह्न सभी पदाधिकारी अजीत सिंह की कार से राजपूत करणी सेना के प्रधान संरक्षक लोकेन्द्र सिंह कालवी से मिलने दिल्ली जा रहे थे। शाम 4 बजे भाबरू के पास सडक पर अचानक एक साइकिल सवार आ गया। उसको बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा पलट गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को शाहपुरा अस्पताल पहुंचाया। हालत गम्भीर होने पर प्रेम कंवर व विक्रम सिंह को सवाई मानसिंह अस्पताल रैफर कर दिया अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। एसएमएस अस्पताल में शाम को ही प्रेम कंवर की मौत हो गई।

वहीं विक्रम सिंह की हालत गम्भीर है। हादसे की सूचना मिलने पर देर रात कालवी भी जयपुर के लिए रवाना हो गए थे। मरुधर महिला विकास संस्थान सचिव देवी सिंह नरूका ने बताया कि गुरुवार दोपहर 12 बजे रामनगर (सोढाला) शमशान घाट पर प्रेम कंवर का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

सीएम को शोक

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने दिल्ली-जयपुर राजमार्ग पर सडक हादसे का शिकार बनीं श्रीमती प्रेम कंवर शेखावत के निधन पर शोक प्रकट किया है। उन्होंने अपने संदेश में कहा है कि श्रीमती प्रेम कंवर राजपूत समाज की प्रखर महिला थीं और उन्होंने राज्य सरकार के महिला सशक्तीकरण अभियान में योगदान दिया था।

Share this:

Related Posts
Disqus Comments